मेरठ में दिल्ली रोड स्थित संजय वन का कायाकल्प होने जा रहा है। प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने सोमवार को विकास कार्यों और सौंदर्यकरण का शुभारंभ किया।
12 एकड़ क्षेत्र में फैले संजय वन में 70 से अधिक पक्षी प्रजातियां और विभिन्न वन्यजीव निवास करते हैं। इस परियोजना पर 8 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें वॉकिंग ट्रैक, साइकिल ट्रैक और कैफेटेरिया बनाए जाएंगे। दो पार्कों का सौंदर्यकरण किया जाएगा। बोटिंग के लिए तालाब का निर्माण होगा।
65 फीट ऊंचा वॉच टावर कारगिल शहीद मनोज तलवार को समर्पित किया जाएगा। डॉ. तोमर ने कहा कि दिल्ली रोड और रैपिड रेल स्टेशन के निकट होने के कारण संजय वन का सौंदर्यकरण क्षेत्रीय विकास में योगदान करेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कैबिनेट मंत्री ए. के. शर्मा और मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक पांडे का आभार व्यक्त किया। इस परियोजना से संजय वन को एक प्रमुख पर्यटन स्थल और शहरी हरियाली का केंद्र बनाया जाएगा।